सड़क किनारे अज्ञात व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था मिला श''व, फैली सनसनी
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 05:30 PM (IST)
लुधियाना (राज): टिब्बा रोड स्थित जैन कॉलोनी के पास शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने जब युवक को सड़क पर बेसुध हालत में पड़ा देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना टिब्ब के अंर्तगत पुलिस चौकी सुभाष नगर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आसपास के राहगीरों और स्थानीय निवासियों को बुलाकर शव की पहचान करवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। फिलहाल शव कब्जे में लेकर 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
चौकी इंचार्ज रजिंदर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक ने काले रंग की शर्ट और हल्के नीले रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस को मृतक की तलाशी के दौरान उसके पास से ऐसा कोई भी दस्तावेज, मोबाइल या कागजात बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान या पते का सुराग मिल सके। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और हालातों को देखकर ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत इलाके में पड़ रही अत्यधिक और भीषण गर्मी के कारण हुई हो सकती है। जबकि लोगों का कहना है कि जहां अक्सर नशेड़ी नशा करते है, यह भी आशंका जताई जा रही है कि शायद युवक की मौत नशा ओवरडोज से भी हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने साफ किया कि मौत के असली और सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

