बठिंडा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, E-Mail से मचा हड़कंप
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 04:00 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): बठिंडा जिला अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को पूरे शहर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों में अफरा-तफरी मच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए अदालत परिसर को तत्काल सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और सभी प्रवेश व निकास द्वार बंद कर दिए गए।
मौजूद लोगों में चिंता और दहशत का माहौल
सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और पुलिस की विशेष टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे कोर्ट परिसर, पार्किंग, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों की बारीकी से तलाशी ली गई। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान अदालत परिसर में आने-जाने वालों पर भी रोक लगा दी गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में चिंता और दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं।
हरी झंडी मिलने के बाद ही अदालत की सामान्य गतिविधियां बहाल
उधर, साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है। विशेषज्ञ टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि धमकी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस घटना ने अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। सर्च अभियान पूरी तरह समाप्त होने और सुरक्षा एजेंसियों की हरी झंडी मिलने के बाद ही अदालत की सामान्य गतिविधियां बहाल की जाएंगी।
ईमेल से बढ़ रही सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती
पिछले कुछ समय में देश के विभिन्न सरकारी संस्थानों, स्कूलों, अस्पतालों और अदालतों को ईमेल के जरिए बम धमाकों की धमकियां मिलने के मामले बढ़े हैं। अधिकांश मामलों में धमकियां फर्जी साबित हुई हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी सूचना को हल्के में नहीं ले रही हैं। बठिंडा कोर्ट को मिली धमकी ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर ला दिया है।

