बठिंडा में नशा तस्कर पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, अवैध इमारत जमींदोज

punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 05:36 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा): पंजाब सरकार के "युद्ध नशों के विरुद्ध" अभियान के तहत बठिंडा प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के मामलों में नामजद आरोपी की अवैध इमारत पर बुलडोजर चला दिया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार कच्चा धोबियाना निवासी गुरमन सिंह ने सरकारी नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माण कर रखा था। कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके बाद सक्षम प्राधिकारी के आदेशों पर पूरी इमारत को ध्वस्त कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत नशा तस्करों और संगीन अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि बठिंडा जिले में अब तक 14 अवैध इमारतों को बुलडोजर चलाकर गिराया जा चुका है।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 1 मार्च 2025 से शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 2564 मामले दर्ज किए गए हैं और 3628 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 96 बड़े नशा तस्कर भी शामिल हैं। वहीं वर्ष 2023 से अब तक 87 आरोपियों की लगभग 14.21 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां फ्रीज करवाई जा चुकी हैं। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या एंटी ड्रग हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News