पंजाब में फिर थमेंगे बसों के पहिए! कर्मचारियों ने किया हड़ताल का ऐलान
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 07:21 PM (IST)
पंजाब डैस्क : पंजाब में एक बार फिर बस सेवाओं पर असर पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि पंजाब रोडवेज, पनबस और PRTC के कर्मचारियों ने 21 अक्टूबर से पूर्ण हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। कर्मचारियों ने राज्य सरकार पर वादाखिलाफी और सरकारी परिवहन व्यवस्था के निजीकरण को बढ़ावा देने के आरोप लगाए हैं। यूनियन नेताओं का कहना है कि लंबे समय से मांगें उठाने और सरकार के साथ कई बैठकें करने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
रैली को संबोधित करते हुए यूनियन के राज्य नेता निरपाल सिंह पप्पू ने कहा कि मौजूदा सरकार ने सत्ता में आने से पहले कर्मचारियों से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन अब तक एक भी कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी को नियमित नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी बस बेड़े में नई बसें शामिल करने की मांग भी पूरी नहीं हुई है।
निरपाल सिंह पप्पू के अनुसार, कर्मचारियों और सरकार के बीच अब तक 70 से 75 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन इनका कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि किलोमीटर स्कीम और ठेकेदारी व्यवस्था के जरिए कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाते हुए सरकारी विभागों के निजीकरण की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

