नवजोत सिद्धू को प्रधानगी मिलने के बाद Action मूड में कैप्टन, लिया अहम फैसला

punjabkesari.in Tuesday, Jul 20, 2021 - 05:33 PM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर नवजोत सिद्धू की नियुक्ति होने के बाद अब मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह ने पार्टी के सांसदों व विधायकों को पूरा समय देने का निर्णय लिया है।  मुख्यमंत्री के नजदीकी सूत्रों ने बताया कि कै. अमरेंद्र सिंह 21 जुलाई को पंजाब से संबंधित  सांसदों (लोकसभा व राज्यसभा के सदस्यों) तथा पार्टी विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर सकते हैं। वैसे तो मुख्यमंत्री ने आज से ही विधायकों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं, जिनमें उनके विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं व विकास प्रोजैक्टों पर चर्चा कर मुख्यमंत्री ने ग्रांटें रिलीज करने के आदेश जारी किए।

कांग्रेसी सूत्रों ने बताया कि कै. अमरेंद्र सिंह पार्टी नेताओं के साथ अपनी नजदीकियों को और बढ़ाएंगे। बुधवार को मुख्यमंत्री पार्टी सांसदों व विधायकों के साथ उनके संसदीय व विधानसभा हलकों में किए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर चर्चा करेंगे। कै. अमरेंद्र सिंह द्वारा अब अगले कुछ दिनों में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए विधानसभा हलकों में विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से ग्रांटों के गफ्फे दिए जाने हैं। मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर सी.एम.ओ. के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिन्हें मुख्यमंत्री द्वारा विकास कार्यों को लेकर मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि कैप्टन अमरेंद्र सिंह द्वारा अब लगातार सांसदों व विधायकों को साथ लेकर चला जाएगा जिससे यह प्रभाव न जाए कि मुख्यमंत्री उनसे दूर रहते हैं।
 
सांसदों ने भी मुख्यमंत्री से यही कहा है कि वे अपनी नजदीकियों को पार्टी नेताओं के साथ बढ़ाएं। इन बैठकों से उन्हें विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर जानकारी मिलती रहेगी। कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने पार्टी के सांसदों के साथ हर सप्ताह बैठक करने का फैसला किया है। इसी तरह अब वे रोजाना पार्टी विधायकों से भी मिला करेंगे। इससे अगले कुछ महीनों में विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज किया जा सकेगा। कांग्रेसी सूत्रों ने बताया कि कैप्टन अमरेंद्र सिंह की इस नई पहल का उद्देश्य पार्टी को आगामी चुनावों से पहले मजबूती देने के साथ-साथ सरकार द्वारा उठाए गए कदमों बारे निम्र स्तर पर जानकारी पहुंचाना भी है। पार्टी नेताओं से वह अब जमीनी स्तर की जानकारी लिया करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News