मानसा में दलजीत सिंह की मौत का मामला NHRC पहुंचा, पंजाब सरकार और DGP से 2 हफ्ते में मांगा जवाब

punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 05:57 PM (IST)

मानसा: पंजाब के मानसा में दलजीत सिंह की संदिग्ध मौत और शव को लेकर हुए विवाद ने अब मानवाधिकार आयोग का ध्यान खींचा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठे सवालों पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने पंजाब के मुख्य सचिव, डीजीपी और केंद्रीय गृह मंत्रालय को नोटिस जारी किया है। आयोग ने संबंधित अधिकारियों से दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) पेश करने को कहा है।

मामले में शिकायतकर्ता हरमंदीप सिंह मेहता ने आरोप लगाया कि भामे कलां गांव के निवासी दलजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार ने इसके कारणों और नशे से संभावित संबंध को लेकर सवाल उठाए थे और जब परिवार और समर्थक दलजीत सिंह के शव को लेकर मानसा में प्रदर्शन की ओर जा रहे थे, तो पुलिस ने रामदित्तेवाला चौक के पास उनका रास्ता रोक दिया और शव अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ। शिकायतकर्ता ने पुलिस पर बल प्रयोग करने और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के आरोप लगाए हैं।

अब NHRC के नोटिस के बाद मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर उठे सवालों पर संबंधित अधिकारियों को अपना पक्ष और कार्रवाई का विवरण आयोग के समक्ष रखना होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News