विधवा को परेशान करने के आरोप में ‘AAP’ सोशल मीडिया इंचार्ज पर केस दर्ज
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 07:31 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): विधवा को परेशान करने के आरोप में ‘आप’ सोशल मीडिया इंचार्ज पर केस दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बठिंडा में आम आदमी पार्टी (AAP) के सोशल मीडिया इंचार्ज हरतेज सिंह भुल्लर के खिलाफ एक विधवा महिला को कथित तौर पर परेशान करने, आपत्तिजनक संदेश भेजने और दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया है। लंबे समय से लंबित शिकायत पर कार्रवाई न होने के चलते सामाजिक संगठनों और किसान नेताओं के बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल में कार्यरत एक विधवा महिला ने कुछ महीने पहले पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि बठिंडा ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े आप के सोशल मीडिया इंचार्ज हरतेज भुल्लर लगातार फोन कॉल और संदेशों के जरिए उसे परेशान कर रहे हैं। महिला का आरोप है कि आरोपी ने अपने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर उसे डराने-धमकाने की भी कोशिश की।
सूत्रों के मुताबिक शिकायत मिलने के बावजूद शुरुआती स्तर पर पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसे लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों और किसान नेताओं ने खुलकर विरोध जताया और पुलिस प्रशासन पर मामले को दबाने के आरोप लगाए। संगठनों ने चेतावनी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि हरतेज भुल्लर खुद को प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति बताकर सरकारी कर्मचारियों पर दबाव बनाते हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी सोशल मीडिया पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तस्वीरें साझा कर अपनी पहुंच दिखाने की कोशिश करता है, जिससे लोग भयभीत हो जाते हैं।
बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने शिकायत की दोबारा जांच शुरू की और प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर हरतेज सिंह भुल्लर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। उधर किसान संगठनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई में देरी हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
वहीं, हरतेज सिंह भुल्लर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि वह लंबे समय से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं, इसलिए उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से झूठा मामला दर्ज कराया गया है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

