चंडीगढ़ में Student  नैतिक ह/त्याकांड के शूटर का Encounter! पुलिस ने किए खुलासे

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 02:21 PM (IST)

पंजाब डेस्क: चंडीगढ़ में एनकाउंटर की खबर सामने आई है। छात्र नैतिक खंडेलवाल (17) की हत्या के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की ऑपरेशन सेल की टीम ने सेक्टर-50 स्थित जंगल में मुठभेड़ के दौरान कथित शूटर मनमीत मेहर उर्फ मन को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे बंबीहा गैंग से जुड़े नेटवर्क का शूटर बताया जा रहा है।

पुलिस जांच के अनुसार, नैतिक की हत्या कथित तौर पर सुपारी देकर करवाई गई थी। जांच में सामने आया है कि नैतिक के साथ पढ़ने वाले अर्श मेहर पर हत्या की साजिश रचने का शक है। बताया जा रहा है कि अर्श, गिरफ्तार शूटर मनमीत मेहर का छोटा भाई है। आरोप है कि नैतिक की मारपीट का एक वीडियो वायरल होने के बाद अर्श उससे रंजिश रखने लगा था।

पहचान करने के बाद की गई थी फायरिंग

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात वाले दिन अर्श कथित तौर पर शूटर मनमीत के साथ नैतिक की पहचान करने पहुंचा था। इसके बाद नैतिक पर गोलियां चलाई गईं। इस फायरिंग में एक गोली ऑटो चालक के कंधे में लगी, जबकि दूसरी गोली नैतिक की छाती में लगी थी। गंभीर हालत में नैतिक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

गैंगस्टर नेटवर्क से कनेक्शन की जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मनमीत मेहर के बंबीहा गैंग के गैंगस्टर लक्की पटियाल के नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि मनमीत के पिता पंजाब इंटेलिजेंस विंग में पुलिसकर्मी के तौर पर तैनात हैं। पुलिस अब हत्या की साजिश, कथित सुपारी और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम की पुष्टि जांच तथा आधिकारिक पुलिस बयान के आधार पर की जानी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News