Instagram पर मारपीट का वीडियो डाला, रात को गोलियों से भून दिया, चंडीगढ़ में छात्र की ह+त्या
punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 12:40 PM (IST)
चंडीगढ़: सैक्टर-22 स्थित सनातन धर्म मंदिर के सामने वीरवार रात बाइक सवार तीन हमलावरों ने ऑटो में जा रहे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में ऑटो में पीछे बैठे सैक्टर-22 निवासी नैतिक और ऑटो चालक गोली लगने से घायल हो गए, जबकि नैतिक का दोस्त बाल-बाल बच गया। दोनों घायलों को जी. एम. एस. एच.-16 पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नैतिक को मृत घोषित कर दिया। ऑटो चालक के कंधे में गोली लगी हैं। प्राथमिक जांच में वारदात के पीछे सैक्टर-44 के युवकों से रंजिश सामने आई है। सैक्टर-17 थाना पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नैतिक सैक्टर-32 के एस.डी. स्कूल में 11वीं का छात्र था। क्राइम ब्रांच व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।
बुलेट बाइक पर आए तीन हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार नैतिक अपने दोस्त के साथ ऑटो में बैठक र पी.जी. जा रहा था। जैसे ही ऑटो सैक्टर-22 स्थित सनातन धर्म मंदिर के पास पहुंचा, बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक वहां आ गए। उन्होंने ऑटो को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक गोलियां चला दीं। गोली नैतिक और ऑटो चालक को लगी, जबकि उसका दोस्त सुरक्षित बच गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
दिन में मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर डाला था
प्राथमिक जांच में सामने आया हैकि वीरवार दोपहर करीब 3 बजे नैतिक और उसके दोस्तों की सैक्टर-44 निवासी एक युवक के साथ मारपीट हुई थी। सूत्रों के मुताबिक मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया था। इसी रंजिश में रात को फायरिंग कर नैतिक की हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखक र जांच कर रही है।
चाचा की पिस्टल लेकर आने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार वारदात को अंजाम देने वाला युवक अपने चाचा की पिस्टल लेकर आया था। वह दो अन्य युवकों के साथ बाइक पर पहुंचा और फायरिंग के बाद फरार हो गया। हालांकि हथियार और हमलावरों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

