मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया ‘पंजाब विजन दस्तावेज-2047’ जारी
punjabkesari.in Wednesday, Jun 14, 2023 - 11:24 AM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को राज्य सरकार का साल 2047 का ‘विजन दस्तावेज’ जारी किया और इस दस्तावेज को प्रगतिशील और खुशहाल पंजाब के लिए रूपरेखा बताया। अपने कार्यालय में सादे परंतु प्रभावशाली समागम दौरान यह दस्तावेज जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य की आर्थिकता और वित्तीय सेहत को पुनर्जीवित करने की तत्काल जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज भारत की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर राज्य के सर्वपक्षीय विकास की उम्मीद जताता है। इस दस्तावेज में 9 विभागीय सैक्शन और 16 सामाजिक-आर्थिक सूचक आधारित सब-सैक्शन शामिल हैं, जिसमें मौजूदा स्थिति, राज्य के समक्ष मुख्य चुनौतियां और इन चुनौतियों को दूर करने के लिए लघु और दीर्घ अवधि की रणनीतियां बनाई गई हैं। मान ने कहा कि दस्तावेजों के अनुसार अर्थव्यवस्था की विकास दर को वर्ष 2030 तक वार्षिक 7.5 प्रतिशत और 2047 तक 10 प्रतिशत हासिल कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दस्तावेज का उद्देश्य साल 2030 तक निवेश-जी.एस.डी.पी. अनुपात को 25 प्रतिशत पर लाना है और राज्य में निवेश के माहौल को सुधार कर और औद्योगिक प्रोजैक्टों की समयबद्ध और परेशानी रहित स्वीकृति के लिए आर्थिक प्रशासनिक सुधारों की शुरूआत द्वारा वर्ष-2047 तक पंजाब के निवेश-जी.एस.डी.पी. अनुपात को 32 प्रतिशत तक बहाल करना है। उन्होंने कहा कि सेवा क्षेत्र /तेज रफ्तार वाली सेवाओं जैसे कि बी.पी.ओ., आनलाइन शिक्षा, सोशल मीडिया और मनोरंजन समेत सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं (आई.टी.ई.एस.) विकसित की जाएंगी और सेवा क्षेत्र में डिजिटल प्रौद्योगिकियों के प्रयोग को भी उत्साहित किया जाएगा।
मान ने कहा कि रोजगार निपुणता और स्टार्ट-अप इको-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहन देकर और उद्योगों व शैक्षणिक संस्थानों के बीच तालमेल पैदा करके बढ़िया नौकरियां पैदा करने को भी यकीनी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पहचान किए गए अलग-अलग सैक्टरों के लिए लक्ष्य और रणनीतियां तैयार की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सैक्टरों में अर्थव्यवस्था, वित्त, उद्योग, रोजगार, कृषि, ग्रामीण विकास, स्थिर शहर और कम्यूनिटीज, बुनियादी ढांचा, सामूहिक और बराबरी वाली शिक्षा, सेहत बुनियादी ढांचा और प्रबंध, लिंग समानता की प्राप्ति, कुदरती स्रोत, किफायती और साफ ऊर्जा शामिल हैं। इसी तरह जलवायु और कुदरती स्रोत संभाल, तकनीकी तरक्की, शासन, सुरक्षा और सुरक्षित यातायात प्रबंधन प्रणाली भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इस दस्तावेज का व्यापक उद्देश्य नागरिकों को सम्मानजनक जीवन व्यतीत करना है। भगवंत मान ने जोर देकर कहा कि इस विजन की भावना गरीबी और भुखमरी का खात्मा, रोजी-रोटी और आश्रय यकीनी बनाना, सभी के लिए बराबर और मानक शिक्षा व सेहत सुविधिाओं का प्रबंध, अपेक्षित सैनीटेशन नैटवर्क और बिजली की उपलब्धता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here