Ludhiana: गिल नहर में डूबा 11 साल का मासूम, कुछ महीने पहले ही उठी थी जवान बेटी की अर्थी

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 08:57 AM (IST)

लुधियाना (राज):  एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां गिल नहर में नहाने गए 11 वर्षीय मासूम तरनजीत सिंह की पानी में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह से लापता इस लाडले का शव बुधवार देर शाम को गोताखोरों की भारी मशक्कत के बाद नहर से बरामद हुआ। जैसे ही मासूम का शव पानी से बाहर आया, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

 नहर से बरामद हुआ तरनजीत का शव 
मृतक तरनजीत के लाचार पिता ने रोते-बिलखते हुए बताया कि उनका सबसे छोटा और सबका लाडला बेटा मंगलवार सुबह घर से गिल नहर में नहाने की बात कहकर निकला था। जब सूरज ढलने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार ने रात भर हर संभावित जगह पर अपने जिगर के टुकड़े की तलाश की, लेकिन जब उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। अगले दिन बुधवार सुबह से ही पुलिस और गोताखोरों ने नहर में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तरनजीत का बेजान शरीर नहर से बाहर निकाला जा सका। इस मनहूस खबर के घर पहुंचते ही माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई और पूरे गांव में मातम छा गया।

अभी अपनी जवान बेटी की मौत से गहरे सदमे में था परिवार
मृतक तरनजीत अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा और पूरे परिवार की आंख का तारा था। दुखों का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, बल्कि इस बदनसीब परिवार ने इसी साल फरवरी के महीने में अपनी 16 साल की जवान बेटी को एक गंभीर बीमारी के कारण खो दिया था। माता-पिता अभी अपनी जवान बेटी की मौत के गहरे सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि अब उनके सबसे छोटे बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत ने उन्हें जीते जी मार दिया है। अब इस अभागे परिवार में केवल 14 साल का मंझला बेटा करणदीप ही जिंदा बचा है। जांच अधिकारी हरबंस सिंह ने बताया कि उन्हें बच्चे के लापता होने और नहर में डूबने की आशंका की रिपोर्ट मिली थी, जिसके तुरंत बाद गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू करवाया गया था। देर शाम शव को नहर से निकालकर कब्जे में ले लिया गया है और उसे फिलहाल मोर्चरी (शवगृह) में सुरक्षित रखवा दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News