पंजाब में सरकारी नौकरी के चाहवानों के लिए CM मान का संदेश, जानें क्या बोले

punjabkesari.in Wednesday, Jun 12, 2024 - 11:46 AM (IST)

चंडीगढ़: भ्रष्टाचार के प्रति कतई लिहाज न बरतने की राज्य सरकार की नीति को दोहराते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे धोखेबाजों के जाल में न फंसें जो पैसे के बदले सरकारी नौकरी दिलाने के बहाने युवाओं को धोखा देते हैं। यहां से जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों भ्रष्टाचार के कारण कई प्रतिभाशाली युवाओं का भविष्य बर्बाद हो गया है। उन्होंने कहा कि विजिलेंस ब्यूरो ने 102 लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर 26 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले 2 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद विजिलेंस ब्यूरो ने जाल बिछाया और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में अगर कोई नौकरी के बदले पैसे मांगता है तो उसकी शिकायत विजिलेंस ब्यूरो से की जाये। उन्होंने कहा कि 43 हजार से अधिक नौकरियां शुद्ध योग्यता के आधार पर युवाओं को दी गई हैं और इसमें कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे गिरोह के जाल में न फंसें जो नौकरी के बदले पैसे मांगते हैं। उन्होंने कहा कि ये धोखेबाज केवल युवाओं को धोखा दे रहे हैं क्योंकि पंजाब में सरकारी नौकरियों की भर्ती पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हो रही है। राज्य सरकार भ्रष्टाचार की बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके लिए जनता का सहयोग जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गिरोह 2021 से चल रहा था लेकिन अब यह विजिलेंस ब्यूरो के जाल में फंस गया है। पंजाब में ईमानदार सरकार है, जहां भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि कोई भी पंजाबी भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन नंबर 9501200200 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है और उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News