Ludhiana में मशहूर स्वीट शॉप के खाने में निकला कॉकरोच, ग्राहक का मौके पर हंगामा
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 07:46 PM (IST)
लुधियाना ( गणेश/ सचिन ) : गुड़ मंडी क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने मशहूर ब्रांड से मंगवाए गए खाने में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, जसप्रीत सिंह नामक व्यक्ति ने “ल्यालपुर ब्रांड” से कूचले चने की 3 प्लेट ऑर्डर की थीं।
जसप्रीत सिंह का कहना है कि जब वह खाना खा रहे थे, तभी उन्हें खाने में कॉकरोच नजर आया। हैरानी की बात यह रही कि उनकी पत्नी और बहन पहले ही पूरा खाना खा चुकी थीं, जबकि वह खुद आधा ही खा पाए थे। इस घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल बन गया और उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी को फूड पॉइजनिंग हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
पीड़ित ने बताया कि मौके पर मौजूद स्टाफ अपनी सफाई में कहता रहा कि वे हर महीने भारी रकम खर्च कर साफ-सफाई और हाइजीन का ध्यान रखते हैं। वहीं, उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके यहां नियमित चेकिंग होती है। जसप्रीत सिंह ने जिला प्रशासन और डीसी साहब से अपील की है कि बड़े-बड़े ब्रांड्स पर भी सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और के साथ ऐसी घटना न हो। उनका कहना है कि छोटे रेहड़ी-फड़ी वालों पर तो कार्रवाई हो जाती है, लेकिन बड़े नामों को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।
वहीं, मामले में मैनेजर अजय कुमार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है कि यह आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि जब खाना कस्टमर के पास पहुंच जाता है, तो उसमें छेड़छाड़ भी हो सकती है और ब्रांड की छवि खराब करने के लिए ऐसा किया जा सकता है।
फिलहाल, यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है।



