Teacher से परेशान छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, परिवार ने स्कूल के बाहर लगाया धरना
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 12:35 PM (IST)
अमृतसर (रमन) : अमृतसर के एक निजी स्कूल की छात्रा द्वारा घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक लड़की की पहचान कोमल (15) के रूप में हुई है। दूसरी ओर, परिजनों ने आरोप लगाया कि अध्यापिका द्वारा छात्रा के चरित्र को लेकर कथित तौर पर गलत और अपमानजनक शब्दावली का इस्तेमाल किया गया था।
परिजनों का कहना है कि छात्रा ने इन टिप्पणियों का विरोध किया था, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन द्वारा उसे निष्कासित कर दिया गया। इससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी और इसी वजह से उनकी बेटी ने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस द्वारा अध्यापिकाओं पर कार्रवाई न करने के रोष में परिजनों द्वारा स्कूल के बाहर लड़की का शव रखकर धरना दिया गया और संबंधित अध्यापिकाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
धरने के दौरान परिजनों ने कहा कि वे अपनी बेटी की मौत के मामले में पूरी और निष्पक्ष जांच चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल में छात्रा के साथ किसी तरह की कथित बदसलूकी या अपमानजनक व्यवहार हुआ है, तो इसकी जांच करके जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। दूसरी ओर, मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मकबूलपुरा की पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर संबंधित अध्यापिकाओं के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू करने की जानकारी दी है। पुलिस द्वारा मामले से संबंधित बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।

