अमृतसर: 20 मई को दवाईयों की दुकानें बंद करने को लेकर असमंजस, केमिस्टों में टकराव

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 11:53 AM (IST)

अमृतसर (दलजीत): पंजाब में 20 मई को दवाई की दुकानों की हड़ताल को लेकर बड़ा टकराव सामने आया है। जहां एक ओर पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरिंदर दुग्गल के नेतृत्व में एक धड़े ने राज्यभर में मेडिकल स्टोर बंद रखने का ऐलान किया है, वहीं पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन रजिस्टर्ड के प्रधान अशोक गोयल के दूसरे धड़े ने साफ कर दिया है कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए दुकानें खुली रखी जाएंगी। इस विरोधाभासी ऐलान ने आम जनता, खासकर मरीजों और उनके परिजनों को असमंजस में डाल दिया है।

बंद का समर्थन कर रहे धड़े के प्रधान सुरेंद्र दुग्गल का कहना है कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों को सरकार द्वारा नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते मजबूरन 15 से 20 मई तक विरोध कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं और 20 मई को पूर्ण बंद रखा जाएगा। उनका तर्क है कि जब तक सरकार उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करती, तब तक सख्त कदम उठाना जरूरी है।

वहीं, दूसरे धड़े रिटेल विंग अमृतसर के प्रधान अरविंद शर्मा का कहना है कि दवाई की दुकानों को बंद करना जनता के हित में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जरूरी और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता प्रभावित होने से मरीजों को भारी परेशानी हो सकती है। इस धड़े ने अपील की है कि 20 मई को सभी मेडिकल स्टोर खुले रखे जाएं ताकि स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों।

खास बात यह है कि दोनों ही पक्ष अपने-अपने स्तर पर केमिस्ट्स को साथ जोड़ने में जुटे हुए हैं। एक तरफ जहां बंद को सफल बनाने के लिए बैठकें और अपीलें की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर ‘दुकानें खुली रखने’ का संदेश भी तेजी से फैलाया जा रहा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि 20 मई को पंजाब में मेडिकल स्टोर पर किस धड़े का ज्यादा असर रहता है, लेकिन फिलहाल इस खींचतान ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अनिश्चितता जरूर पैदा कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News