CM मोहन यादव: कांग्रेस लोगों को डराने की राजनीति कर रही है, उनके द्वारा खुद संविधान में 100 बार संशोधन किया गया

punjabkesari.in Thursday, May 30, 2024 - 02:02 PM (IST)

जालंधर- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज बीजेपी के पक्ष में प्रचार करने के लिए जालंधर पहुंचे। स्थानीय होटल में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ डराने-धमकाने की राजनीति करती है, उनका काम सिर्फ बांटो और राज करो का है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी कमजोरियों को छुपाने और लोगों को डराने की कोशिश कर रही है कि भाजपा 400 सीटें जीतकर संविधान बदल देगी, जबकि कांग्रेस पार्टी खुद पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय से लेकर अब तक लगभग 100 बार संविधान में संशोधन कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जितना अन्याय किया है, उतना आज तक किसी ने नहीं किया। अब कांग्रेस का झूठ उजागर हो गया है। अब उसके पास बताने को कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जानते हैं कि ऐसे गुमराह लोगों से कैसे निपटना है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आखिरी चरण का चुनाव 1 जून को हो रहा है। 4 जून को चुनाव नतीजे आने के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा और नतीजों के बाद राहुल गांधी को विदेश जाना होगा और केजरीवाल को जेल जाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हौसला पूरी तरह से टूट चुका है। बीजेपी ने 2014 और 2019 में दिल्ली में 7 लोकसभा सीटें जीती हैं।

उन्होंने कहा कि 'आप' अंदर से खोखली हो चुकी है। मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि वर्तमान समय में पूरे देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर गर्व है। अपने 10 साल के कार्यकाल में उन्होंने जो किया, वह आज तक किसी ने नहीं किया। इस समय पूरे देश में मोदीमय माहौल है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उन्होंने देश भर में 200 से अधिक जन सभाएं और रोड शो किये हैं। देश की जनता नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने को लेकर काफी उत्साहित है।

उन्होंने दावा किया कि बीजेपी 400 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष सुशील शर्मा, जन. सचिव राजेश कपूर, अश्विनी भंडारी, अविनाश चंद्र और जीवन गर्ग मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Radhika Salwan

Related News