विदेशी WhatsApp कॉल से मचा हड़कंप, पार्षद को मिली जान से मारने की धमकी
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 12:41 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में साइबर अपराधियों और रंगदारी मांगने/धमकियां देने वाले असामाजिक तत्वों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि यहां एक पार्षद को शातिर बदमाशों ने विदेशी व्हाट्सएप नंबर से कॉल करके न सिर्फ जान से मारने की धमकियां दी गईं, बल्कि जातिसूचक और आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया।
आरोपियों ने पीड़ित परिवार की महिलाओं के प्रति अश्लील और अपमानजनक शब्दावली का प्रयोग किया। वारदात के बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर धमकी भरी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी है। पुलिस ने पीड़ित पार्षद गौरव भट्टी के बयानों पर आरोपी विनय कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गौरव भट्टी ने बताया कि 22 जून को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात व्हाट्सएप कॉल आई। फोन स्क्रीन पर कॉल किसी अंतर्राष्ट्रीय नंबर से आ रही थी, जिस पर कजाकिस्तान/किर्गिस्तान का कंट्री कोड दिखाई दे रहा था। जैसे ही पीड़ित ने कॉल उठाई, दूसरी तरफ मौजूद आरोपी ने बिना किसी बातचीत के उसे जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं और गाली-गलौच पर उतर आया।
आरोपी ने पीड़ित का मानसिक शोषण करने की नीयत से जातिसूचक व अपमानजनक शब्दों की बौछार कर दी। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने उसके परिवार की बहन-बेटियों और महिलाओं के खिलाफ बेहद अश्लील और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। उसके बाद आरोपी ने फोन काट दिया। कॉल काटने के कुछ ही मिनटों बाद आरोपी ने पीड़ित के व्हाट्सएप पर एक धमकी भरी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी।
इस रिकॉर्डिंग में भी आरोपी ने पीड़ित और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की चेतावनी दी है। विदेशी नंबर से आई इस खौफनाक कॉल और ऑडियो रिकॉर्डिंग के बाद से पीड़ित का परिवार दहशत के साए में है। पीड़ित ने तुरंत मोबाइल से सबूत जुटाकर कमिश्नरेट पुलिस के उच्चाधिकारियों के पास गुहार लगाई जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

