खूंखार ''अभिजीत उर्फ मंड गैंग'' पर पुलिस का Action, होटल मालिक समेत कई आरोपी रडार पर
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 08:54 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में अमन-कानून की धज्जियां उड़ाने वाले और कारोबारियों से फिरौती वसूलने वाले एक बड़े अंतर-जिला गैंग के खिलाफ लुधियाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने शहर के नामी बदमाशों और उन्हें पुलिस से छुपाने के लिए अपने होटल में पनाह देने वाले एक होटल मालिक मोहित नेगी के खिलाफ शिकंजा कसते हुए थाना सदर की पुलिस ने संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
थानेदार गुरमदीप सिंह ने बताया कि 15 जून को पुलिस पार्टी गश्त के संबंध में पक्खोवाल रोड पर स्थित ओमैक्स फ्लैट्स के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर खास ने पुलिस को एक पुख्ता सूचना दी कि अभिजीत सिंह उर्फ मंड, मानिया साहनी, अंकुश यादव, सुखमन सिंह, युवराज सिंह उर्फ हरमन, नमित शर्मा और इनके कुछ अन्य अज्ञात साथियों ने मिलकर एक बेहद खतरनाक गैंग बनाया हुआ है। यह गैंग लुधियाना शहर समेत पंजाब के अलग-अलग जिलों में व्यापारियों और आम लोगों से हथियारों के बल पर मोटी फिरौती (रंगदारी) वसूल करता है। बात न मानने पर यह शातिर अपराधी लोगों को जान से मारने की धमकियां देते हैं और दहशत फैलाने के लिए उन पर सरेआम फायरिंग करने से भी गुरेज नहीं करते। इस गैंग के सदस्यों के खिलाफ पहले भी लुधियाना के अलग-अलग थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
होटल का कमरा बनता था गुनाहगारों का सेफ हाउस
मुखबिर ने पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि जब भी यह गैंग शहर या राज्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देता था, तो पक्खोवाल रोड पर स्थित 'होटल रॉयल मैनर' का मालिक मोहित नेगी इनकी मदद के लिए आगे आता था। मोहित नेगी जानते हुए भी कि ये सभी पेशेवर अपराधी हैं, पुलिस की गिरफ्तारी से बचाने के लिए उन्हें अपने होटल के कमरों में पनाह देता था और उनके छिपने का पूरा इंतजाम करता था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुस्तैदी दिखाई और बदमाशों के मददगार होटल मालिक मोहित नेगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले में आगे की तफ्तीश बड़े स्तर पर जारी है ताकि गैंग के बाकी सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

