DC ने ''बुड्ढा दरिया'' को पुनर्जीवित करने के प्रोजेक्ट की समीक्षा की, साथ ही अधिकारियों को काम में तेजी लाने के दिए निर्देश

punjabkesari.in Monday, Jul 01, 2024 - 06:57 PM (IST)

लुधियाना: डिप्टी कमिश्नर-कम-नगर निगम कमिश्नर साक्षी साहनी ने सोमवार को 'बुड्ढा दरिया' को पुनर्जीवित करने के लिए चल रही परियोजना की समीक्षा के लिए नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

सरकार द्वारा नगर निगम कमिश्नर का अतिरिक्त कार्यभार दिए जाने के बाद साहनी ने सराभा नगर स्थित नगर निगम जोन डी कार्यालय में बैठक की और नगर निगम अधिकारियों को लंबित/प्रस्तावित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त परमदीप सिंह, सहायक आयुक्त जसदेव सिंह सेखों, सुपरवाइजिंग इंजीनियर परवीन सिंगला, सुपरवाइजिंग इंजीनियर संजय कंवर, कार्यकारी इंजीनियर रणबीर सिंह, कार्यकारी इंजीनियर एकजोत सिंह, कार्यकारी इंजीनियर परषोतम सिंह आदि मौजूद थे। बैठक के दौरान डी.सी साहनी ने अधिकारियों को मानसून सीजन के दौरान बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्देश दिया और कहा कि जरूरत पड़ने पर एनजीओ/निवासियों को भी इसमें शामिल किया जा सकता है।

अधिकारियों को वृक्षारोपण अभियान शुरू करने के बाद पौधों के रखरखाव पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया गया है। साहनी ने अधिकारियों को बरसात के दौरान शहर में बाढ़ को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। उन्होंने विभिन्न कानूनी मामलों पर भी चर्चा की और अधिकारियों को उनका नियमित रूप से पालन करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस की बात दोहराई और किसी भी अधिकारी के इसमें शामिल होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Radhika Salwan

Related News