सुरक्षा में कटौती से भड़के शहीद सुखदेव थापर के वंशज, CP दफ्तर पहुंच दूसरा गनमैन भी लौटाया
punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 11:06 AM (IST)
लुधियाना (राज): अमर शहीद सुखदेव थापर के वंशज अशोक थापर ने पुलिस प्रशासन द्वारा उनकी सुरक्षा में अचानक कटौती करते हुए एक गनमैन को वापस बुलाए जाने के कड़े विरोध में शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अपना दूसरा गनमैन भी वापस करने की पेशकश कर दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को इस संबंध में लिखित आवेदन सौंपकर गहरा रोष व्यक्त किया। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा की गैर-मौजूदगी में एडिशनल पुलिस कमिश्नर रुपिंदर सिंह ने उनसे मुलाकात की, उन्होंने पुलिस बल की कमी का हवाला देते हुए जल्द सुरक्षा बहाल करने का आश्वासन दिया, लेकिन थापर परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए।
सीपी कार्यालय पहुंचे अशोक थापर ने कहा है कि पुलिस प्रशासन पिछले लंबे समय से उन पर जानलेवा हमला कर लूटपाट करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। थापर ने कहा कि पुलिस की कथित ढिलाई के चलते अदालत द्वारा उक्त सभी आरोपियों को भगौड़ा घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन उन पेशेवर अपराधियों को काबू करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। उन्होंने चिंता जताई कि उन पर हमला करने वाले आरोपी नशा तस्करी और लूटपाट की कई अन्य वारदातों में भी वांछित हैं और उनके खुलेआम घूमने से उन पर किसी भी समय दोबारा खूनी हमला हो सकता है। ऐसे संवेदनशील हालात में हमलावरों को सलाखों के पीछे भेजने की बजाय प्रशासन सुरक्षा में कटौती कर असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद कर रहा है। मौके पर मौजूद अमर शहीद सुखदेव थापर के पौत्र त्रिभुवन थापर ने कहा कि पुलिस शहीद परिवारों से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर तनिक भी गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा है कि यदि उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी घटती है, तो उसकी सीधी जवाबदेही पुलिस कमिश्नरेट की होगी।
नफरी की कमी का हवाला, अतिरिक्त बल मिलते ही लौटाएंगे सुरक्षा : एडिशनल सी.पी.
एडिशनल पुलिस कमिश्नर रुपिंदर सिंह ने कहा है कि जिले में पुलिस कर्मचारियों की भारी कमी चल रही है, जिसके चलते सुरक्षा समीक्षा के तहत यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही अतिरिक्त फोर्स उपलब्ध होगी, वापस लिया गया सुरक्षा कर्मचारी तुरंत बहाल कर दिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

