श्मशान घाट के बाहर मिली लावारिस लाश मामले में डॉक्टर हिरासत में, पुलिस ने शुरू की जांच

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 03:12 PM (IST)

फरीदकोट(राजन): फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल से सटे श्मशान घाट के बाहर एक लावारिस शव मिलने से शहर में सनसनी फैल गई है। इस मामले में पुलिस ने मेडिकल कॉलेज से संबंधित एक डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी संबंधित डॉक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार 9 जुलाई को फिरोजपुर के पास हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक लावारिस व्यक्ति को 108 एंबुलेंस के माध्यम से गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद शव से संबंधित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बजाय उसे देर रात श्मशान घाट के बाहर छोड़ दिया गया। शव पर प्लास्टर और पट्टियां भी बंधी हुई थीं, जिससे मामला और भी संदिग्ध बन गया।

श्मशान घाट के चौकीदार ने शव पड़ा देखकर तुरंत प्रबंधक समिति को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और लावारिस शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक की पहचान करने के साथ-साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि शव को श्मशान घाट के बाहर किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News