बरेली से अफीम की सप्लाई करने आया ड्रग तस्कर गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 10:07 AM (IST)
लुधियाना (गौतम): बरेली से अफीम सप्लाई करने आए एक ड्रग तस्कर को GRP के CIA स्टाफ ने काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1 किलो 250 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ड्रग तस्करी के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान जगदीश (38) के रूप में की है, जो बरेली जिले का रहने वाला है। इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करके 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जानकारी देते हुए CIA इंचार्ज पलविंदर सिंह ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर बीरबल की टीम रेलवे स्टेशन पर ड्रग तस्करों और क्रिमिनल लोगों की तलाश में चेकिंग कर रही थी, तभी आरोपी ने प्लेटफॉर्म पर पुलिस पार्टी से भागने की कोशिश की।
शक होने पर टीम ने आरोपी को रोका और उसके सामान की तलाशी ली, जिसके बाद आरोपी के पास से अफीम बरामद हुई। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरेली से अफीम की खेप देने आया था और उसे रेलवे स्टेशन के पास सप्लाई देनी थी। उसने बताया कि किसी ने उसे सामान पहुंचाने के लिए कहा था और बदले में उसे 10 हजार मिलने थे। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के बाद उसके साथियों का भी पता लगाया जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

