Jalandhar में सुबह-सुबह ED की Raid, नगर निगम के ठेकेदार अमित बजाज के घर छापेमारी
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 11:48 AM (IST)
जालंधर (सोनू): जालंधर से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने मंगलवार सुबह शहर के न्यू जवाहर नगर इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए House नंबर 223 और 227 पर छापेमारी की है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अमित बजाज और इंदरजीत बजाज से जुड़े ठिकानों पर की जा रही है।
वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच जारी
पता चला है कि Hampton Sky Realty Ltd. से जुड़े मामले में ED द्वारा पंजाब समेत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। जांच के तहत उन व्यक्तियों और संस्थाओं के आवासों तथा कारोबारी परिसरों पर तलाशी ली जा रही है, जिनके नाम इस मामले में जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ईडी की टीम ने नगर निगम के ठेकेदार अमित बजाज के आवास पर भी दबिश दी। सुबह से ही अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच की जा रही है।
दोनों भाईयों के गुजरात समेत अन्य राज्यों में भी हैं बड़े ठेके
जानकारी के अनुसार, अमित बजाज और उनके बड़े भाई इंदरजीत बजाज नगर निगम समेत विभिन्न सरकारी विभागों के बड़े ठेकेदार माने जाते हैं। दोनों भाइयों के जालंधर, लुधियाना, मोहाली सहित पंजाब के अन्य शहरों और गुजरात समेत अन्य राज्यों में भी कई प्रोजेक्ट्स और ठेकों से जुड़े होने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों भाई आउटसोर्सिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों को मैनपावर उपलब्ध कराने वाली सोसायटियों के संचालन से भी जुड़े रहे हैं। ईडी की टीम फिलहाल उनसे जुड़े वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की जांच कर रही है। चर्चा यह भी है कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें कुछ आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जुड़े एक OSD भी दिखाई दिए थे। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

