Jalandhar : ID मांगते ही भड़का युवक, पुलिस के सामने किया हाईवोल्टेज ड्रामा
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 01:21 PM (IST)
जालंधर: कचहरी चौक के पास संदिग्ध हालातों में घूम रहे युवक से पूछताछ करने पर गुस्साए युवक ने खुद के गले में परना डाल लिया और खुद का गला घोंटना शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों ने उसे रोका तो उसने हाथ पैर चलाने शुरू कर दिए जिससे पुलिस कर्मी की वर्दी का बैच उतर गया।
पुलिस मुलाजिमों के अनुसार वह गाड़ी में पैट्रोलिंग करते जा रहे थे। कचहरी चौक के पास एक युवक को सड़क पर कुछ ढूंढते देखा। शक होने पर उन्होंने गाड़ी खड़ी करके उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। जब वह युवक के पास पहुंचे तो उससे आई.डी. कार्ड मांगा लेकिन वह नहीं दिखा पाया। पूछने पर युवक ने कहा कि वह पुडा काम्पलैक्स में काम करता है। पुलिस क्रॉस चैक करने के लिए उसे जैसे ही पुडा काम्पलैक्स लेकर गई तो वहां जाकर उसने हंगामा शुरू कर दिया और अपने गले में परना डाल कर गला घोंटने की कोशिश करने लगा।
पुलिस मुलाजिमों ने उसे रोकना चाहा तो युवक ने हाथ पैर चलाने शुरू कर दिए जिसके कारण पुलिस कर्मी कमलजीत सिंह की वर्दी का बैच उतर गया। युवक को थाना नई बारादरी में ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

