नाकाबंदी कर ट्रैफिक पुलिस द्वारा जबरन वसूली जाती 'एंट्री फीस'! सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 02:17 PM (IST)
हलवारा (लाडी): ट्रैफिक पुलिस द्वारा लुधियाना-बठिंडा हाईवे पर रायकोट के पास नाकाबंदी के दौरान वाहन चालकों से जबरन 'एंट्री फीस' वसूलने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और संबंधित कर्मचारियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार लुधियाना-बठिंडा हाईवे पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा नाका लगा कर गुजरने वाली गाड़ियों को रोका जाता था। आरोप है कि इस दौरान ASI सिकंदर सिंह और पंजाब होम गार्ड जवान जसवीर सिंह द्वारा वाहन चालकों को गैर-कानूनी तरीके से पैसे वसूले जाते थे। जो चालक पैसे देने से इनकार करते थे उन्हें डरा-धमका कर मोटी रकम ली जाती थी।

सूत्रों के अनुसार यह काम काफी समय से चल रहा था और आम लोगों को हर दिन ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान एक पीड़ित राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद लुधियाना रूरल SSP डॉ. अंकुर गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत शुरुआती जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान पहली नजर में दोनों कर्मचारियों की भूमिका शक के घेरे में आई और उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया। DSP (H) जगराओं गोपाल कृष्ण ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ डिपार्टमेंटल जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोप साबित होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
DSP ने यह भी माना कि शुरुआती जांच में पता चला है कि नाकाबंदी के नाम पर चेकिंग के साथ-साथ कुछ गैर-कानूनी गतिविधियां भी की जा रही थी, इस कारण ये कार्रवाई की गई है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में राहत के साथ-साथ पुलिस प्रशासन से उम्मीद जताई जा रही है कि ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी ताकि आम जनता को परेशानी से बचाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

