Farmer Protest: ट्रेन संचालन बाधित होने से बढ़ा Flights का किराया, जानें नए Rate

punjabkesari.in Friday, Apr 26, 2024 - 11:08 AM (IST)

चंडीगढ़: किसानों द्वारा मांगों को लेकर किए जा रहे आंदोलन के कारण ट्रेनों का संचालन बाधित होने से शहीद भगत सिंह इंटरनैशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से दिल्ली, मुबंई, पटना तथा लखनऊ जाने वाली फ्लाइट्स के टिकट मूल्यों में वृद्धि हुई है।

जानकारी के अनुसार जहां दिल्ली के किराए में 1000 रुपए तो मुंबई जाने वाली फ्लाइट्स के टिकट में 3500 रुपए तक की बढ़ौत्तरी हुई है, यही नहीं ट्रेनों के डायवर्ट होने के कारण अधिकतर ट्रेनें निर्धारित समय से 13-13 घंटे विलंब से पहुंच रही हैं। ऐसे में यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों द्वारा शंभू बैरियर पर रेलवे ट्रैक जाम करने के कारण रेलवे ट्रेनों को डायवर्ट कर रहा है, जिससे एक रूट पर ट्रेनों का अवागमन अधिक हो जाने से ट्रेनें लेट हो रही हैं। ट्रेनें निर्धारित समय से कई घंटे लेट होने के कारण यात्री अब फ्लाइट का सहारा ले रहे हैं। जिसके तहत फ्लाइट्स के किराए में बढ़ौतरी हुई है।

ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
कालका वाया चंडीगढ़-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा शुक्रवार को रद्द रहेगी। चंडीगढ़- फिरोजपुर एक्सप्रेस, कालका-अंबाला पैसेंजर को 26 से 28 तक रद्द घोषित किया है। अंबाला मंडल की 40 ट्रेनें 28 अप्रैल तक साहने वाल, न्यू मोरिंडा से चंडीगढ़ होकर अंबाला जाएंगी। दिल्ली-अमृतसर शताब्दी एक्सप्रैस, जम्मू तवी-बरौनी एक्सप्रैस, कटिहार एक्सप्रैस, अमृतसर-जयनगर, अमृतसर-कोचिवल्ली सुपरफास्ट, न्यू दिल्ली-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा सुपरफास्ट आदि ट्रेनें शामिल हैं।

अमृतसर-हावड़ा 14 घंटे देरी से पहुंची
किसानों की तरफ से पंजाब में रेलवे ट्रैक जाम करने के कारण खरड़- चंडीगढ़ रेलवे ट्रैक काफी व्यस्त हो गया है, जिसके कारण ट्रेनों को चंडीगढ़ व खरड़ रेलवे स्टेशन पर 3-3 घंटे ट्रैक खाली होने का इंतजार करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़-खरड़ रेलवे ट्रैक सिंगल लाइन है। ट्रेनों को डायवर्ट करने के कारण ट्रेनों को 3-3 घंटे आऊटर पर इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं गाड़ी संख्या 13006 अमृतसर-हावड़ा निर्धारित समय से 14 घंटे लेट चंडीगढ़ पहुंची। रेलवे अधिकारी ने बताया कि ट्रेन को खरड़ से चंडीगढ़ पहुंचने में करीब 3 घंटे का समय लग गया। बरौनी-जम्मूतवी ट्रेन भी चंडीगढ़ से करीब साढ़े 3 घंटे रुकने के बाद खरड़ की तरफ रवानाकिया गया।

मुंबई का किराया 3000 तक बढ़ा
राज्य          पहले किराया         अब किराया
मुंबई          9000 रुपए         12059 रुपए
दिल्ली        3500 रुपए         4100 रुपए
पटना        4800 रुपए         6185 रुपए
लखनऊ    3500 रुपए         4872 रुपए


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News