जालंधर के भार्गव कैंप में आग लगने के बीच चौंकाने वाली घटना, परिवार को लगा दोहरा झटका

punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 03:15 PM (IST)

जालंधर : जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में बुधवार दोपहर एक घर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घर की दूसरी मंजिल पर लगी आग ने कमरे में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन आग बुझाने के दौरान परिवार के साथ एक और बड़ी घटना हो गई।

PunjabKesari

जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य मंदिर में ज्योत जलाने के बाद नीचे बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान अचानक दूसरी मंजिल से धुआं उठने लगा। जब तक परिवार के लोग ऊपर पहुंचे, आग कमरे में फैल चुकी थी। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

संकरी गलियों के कारण नहीं पहुंच सकी फायर ब्रिगेड की गाड़ी

इलाके का बाजार काफी संकरा होने और दुकानों के बाहर सामान रखा होने के कारण दमकल की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई। गाड़ी को कुछ दूरी पर ही खड़ा करना पड़ा। इसके बाद स्थानीय युवाओं और पड़ोसियों ने मोर्चा संभाला। लोगों ने घरों की पानी की टंकियों और बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की। उनकी मदद से दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।

आग बुझाने की भागदौड़ में गायब हुआ कीमती सामान

इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब परिवार आग से सामान बचाने में लगा था, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर उनके पर्स पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के मुताबिक, पर्स में करीब 20 हजार रुपये की नकदी, पहचान पत्र और सोने के जेवर थे। इसके अलावा एक नया मोबाइल फोन भी चोरी हो गया।

आग से घर के सामान को नुकसान पहुंचा और चोरी ने परिवार की परेशानी और बढ़ा दी। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पार्षद और भार्गव कैंप थाने के एसएचओ भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल आग लगने के कारणों और चोरी की घटना को लेकर जांच की जरूरत है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News