VIDEO: हाई अलर्ट के बावजूद आइस क्रीम खा रहे 2 भाइयों पर फायरिंग

punjabkesari.in Sunday, Jan 26, 2020 - 10:10 AM (IST)

अमृतसर(संजीव): हाई अलर्ट के बावजूद अमृतसर के पॉश क्षेत्र में लॉरैंस रोड में बिगड़ी कानून व्यवस्था ने पुलिस द्वारा किए जा रहे पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के दावों की हवा निकाल कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेआम दो युवकों ने आइस क्रीम की दुकान पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए जिसमें आइस क्रीम पार्लर पर खड़े 2 भाई सिमरजीत सिंह व विक्रमजीत सिंह गोली लगने से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फायरिंग की यह पूरी घटना सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई जिससे गोलियां चला रहे आरोपियों को पुलिस ने पहचान लिया। जिनकी पहचान वरुण कालिया चोचो निवासी गोकुल नगर व गौरव छाबड़ा निवासी गोपाल नगर के रूप में हुई। थाना सिविल लाइन की पुलिस ने उक्त दोनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तार के लिए छापामारी शुरू कर दी है। 

लॉरैंस रोड स्थित आइस क्रीम लोंज में हुई फायरिंग दौरान घायल हुए दो भाईयों के पिता कुलजीत सिंह का कहना है कि उनका लड़का सिमरजीत सिंह ऑस्ट्रेलिया से आया हुआ है जो अपने भाई बिक्रमजीत सिंह के साथ लॉरैंस रोड गए हुए थे जहां उन्होंने आइस क्रीम पार्लर में आर्डर दिया ही था कि वहां पहले से मौजूद कुछ युवक आपस में बहस कर रहे थे। इसी बीच उसके बेटों की भी उनके साथ बहस हो गई। इसके बाद आरोपियों ने रिवाल्वर निकाली और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोली लगने से उसके दोनों बेटे घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 

फायरिंग दौरान दुकान में मौजूद ग्राहकों में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई जो अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिविल लाइन के इंचार्ज इंस्पैक्टर शिव दर्शन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना सिविल लाइन के इंचार्ज इंस्पैक्टर शिव दर्शन सिंह का कहना है कि मौके से 5 खोल रिकवर किए गए है। बरामद की गई सी.सी.टी.वी. फुटेज से आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनके विरुद्ध हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News