पूर्व अकाली नेता विवादों में, जमीन विवाद के दौरान मारपीट के आरोपों में मामला दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 11:04 PM (IST)

दोराहा, (विनायक): पहले डेढ़ वर्षीय बच्ची के कथित रूप से लापता होने के मामले और अन्य विवादों के कारण चर्चा में रह चुके शिरोमणि अकाली दल से संबंधित पूर्व सरपंच जगजीत सिंह उर्फ जग्गी एक बार फिर कानूनी पेचीदगियों में घिरते नजर आ रहे हैं। इस बार दोराहा पुलिस ने जमीन विवाद के दौरान एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसे घायल करने के आरोपों के तहत जगजीत सिंह समेत तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमा संख्या 142 दिनांक 8 जून, 2026 के अनुसार शिकायतकर्ता चंदन कुमार पुत्र ठेलू राम निवासी वार्ड नंबर 11, पायल ने बताया कि गांव मकसूदड़ा निवासी हरजीत सिंह की गांव चणकोइयां खुर्द में कृषि भूमि है। गत 4 जून को वह हरजीत सिंह के साथ ट्रैक्टर पर खेतों में मेड़ें डालने के लिए गया हुआ था।

शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए गए बयानों के अनुसार, इस दौरान गांव चणकोइयां खुर्द निवासी जगजीत सिंह, अमरजीत सिंह और काला मौके पर आ गए। इस दौरान जगजीत सिंह ने आते ही चंदन कुमार को थप्पड़ मारते हुए कहा कि यह जमीन उनकी है और वह यहां क्यों आया है। इसके बाद अमरजीत सिंह ने अपने हाथ में पकड़ी लोहे की वस्तु से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ पर चोट लगी। इस हमले के दौरान जब वह जमीन पर गिर गया तो काला ने उसे पैरों से ठोकरें मारकर घायल कर दिया।

पुलिस के अनुसार घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा तैयार की गई एमएलआर में दो चोटें दर्ज की गई हैं, जिनमें एक तेजधार वस्तु तथा एक भारी वस्तु से लगी चोट शामिल है। इसके आधार पर दोराहा पुलिस ने गांव चणकोइयां खुर्द निवासी जगजीत सिंह, अमरजीत सिंह और काला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 118(1) तथा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच एएसआई प्रगट सिंह, इंचार्ज पुलिस चौकी दोराहा द्वारा की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News