पैट्रोल पम्प पर ATM व पैसे जमा करवाने वाली मशीन लगवाने का झांसा दे ठगे 4 लाख

punjabkesari.in Saturday, May 05, 2018 - 08:56 AM (IST)

जालंधर  (महेश): ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स (ओ.बी.सी.) का ए.टी.एम. व पैसे जमा करवाने वाली मशीन लगवाने के नाम पर अर्बन एस्टेट के नजदीक फोलड़ीवाल गंदे नाले वाला मार्ग पर स्थित पैट्रोल पम्प के मालिक से 4 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। 

 

इस संबंध में थाना सदर में नई दिल्ली निवासी 3 लोगों राजेन्द्र कुमार, संजय गोयल, पार्वती पत्नी शाम लाल व यू.पी. के रहने वाले मनु तिवारी पर आई.पी.सी. की धारा 406, 420, 465, 467, 471, 120-बी के तहत मुकद्दमा नं. 74 दर्ज किया गया है। एस.एच.ओ. सदर सुखदेव सिंह औलख ने बताया कि पैट्रोल पम्प के मालिक अक्षय हांडा पुत्र खुशवंत राय निवासी अर्बन एस्टेट फेस-2 जालंधर ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में कहा था कि उक्त लोगों ने उससे उसके पैट्रोल पम्प के साथ ओ.बी.सी. का ए.टी.एम. व पैसे जमा करवाने वाली मशीन लगवाने का झांसा देकर 12 लाख 4 हजार रुपए मांगे थे जिसमें उसने 4 लाख रुपए उनके बैंक खातों में जमा करवा दिए और बाकी के पैसे काम पूरा होने पर देने थे लेकिन न तो उसका काम हुआ और न ही उसे उसके पैसे वापस मिले। उससे ठगी करने वाले लोगों की उसने कई जगह तलाश भी की लेकिन उनके बारे में कुछ भी पता नहीं चला।

 

दिल्ली और यू.पी. भी गया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। जो 4 लाख रुपए उसने उनके खातों में जमा करवाए थे, वह भी उन्होंने निकाल लिए। एस.एच.ओ. सुखदेव सिंह औलख ने बताया कि पुलिस ने पैट्रोल पंप के मालिक अक्षय हांडा की शिकायत की गहराई से जांच किए जाने के बाद ही फरार आरोपी लोगों पर केस दर्ज किया है। उनकी तलाश में पुलिस अलग-अलग संदिग्ध स्थानों पर रेड कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News