फिल्म का काम बीच में छोड़ ठगे लाखों... डायरेक्टर की शिकायत पर पुलिस ने लिया बड़ा Action
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 10:51 AM (IST)
लुधियाना (राज): फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं को चूना लगाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। 'गोबिंद फिल्म क्रिएशन' के डायरेक्टर सतिंदर सिंह के साथ 12 लाख रुपये की बड़ी ठगी की गई है। आरोपी ने 'ट्रैवल एजेंट' नामक फिल्म प्रोजेक्ट को पूरा करने का भरोसा दिलाकर भारी रकम ऐंठ ली और बाद में प्रोजेक्ट का काम बीच में ही अधूरा छोड़ गया। डायरेक्टर की आधिकारिक शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गुरप्रेम सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में सतिंदर सिंह (डायरेक्टर, गोबिंद फिल्म क्रिएशन) ने बताया कि वह अपनी आगामी फिल्म 'ट्रैवल एजेंट' पर काम कर रहे थे। इस प्रोजेक्ट के सिलसिले में आरोपी गुरप्रेम सिंह के साथ बातचीत और काम तय हुआ था। आरोपी ने फिल्म के निर्माण कार्य को समय पर और पेशेवर तरीके से पूरा करने का पूरा भरोसा दिलाया। इस एवज में डायरेक्टर सतिंदर सिंह ने आरोपी गुरप्रेम सिंह को अलग-अलग समय पर कुल 12 लाख रुपये की भारी रकम का भुगतान कर दिया। पैसे हासिल करने के बाद आरोपी गुरप्रेम सिंह की नीयत डोल गई।
आरोप है कि आरोपी ने कुछ दिन काम करने का दिखावा किया और फिर अचानक फिल्म 'ट्रैवल एजेंट' का काम बीच में ही छोड़ दिया। जब पीड़ित डायरेक्टर ने उससे संपर्क साधने की कोशिश की और फिल्म का काम पूरा करने या पैसे लौटाने को कहा, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और टालमटोल करने लगा। फिल्म प्रोजेक्ट अचानक अटक जाने और 12 लाख रुपये डूबने के कारण डायरेक्टर को भारी वित्तीय नुकसान और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

