लुधियाना में 10 करोड़ का प्रॉपर्टी घोटाला, जाली दस्तावेजों से महिला की जमीन पर लिया लोन

punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 09:22 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में फर्जी दस्तावेज तैयार कर करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति हड़पने और उस पर भारी भरकम लोन उठाने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शातिर आरोपियों ने एक महिला की कीमती प्रॉपर्टी को फर्जी 'ट्रांसफर डीड' के जरिए अपने नाम ट्रांसफर करवाया और उस पर 'टाटा कैपिटल' से 10 करोड़ रुपये का लोन ले लिया। पीड़िता नैन्सी जिंदल की शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी संजीव कुमार, हेमंत कुमार, संजीव कौशल और कविता गुप्ता के धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता नैनसी जिंदल ने आरोप लगाया कि आरोपी संजीव कुमार और उसकी पत्नी कविता गुप्ता ने आपसी मिलीभगत और साजिश के तहत उसकी संपत्ति को हड़पने का जाल बुना। संजीव कुमार ने एक पूरी तरह से फर्जी और जाली 'ट्रांसफर डीड' तैयार की, जिसके जरिए उसने पीड़िता की संपत्ति को अवैध तरीके से अपनी पत्नी कविता गुप्ता के नाम ट्रांसफर करवा लिया। इतना ही नहीं, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों ने राजस्व विभाग से इंतकाल नंबर 18069 (दिनांक: 09 फरवरी 2022) भी अपने पक्ष में स्वीकृत (Approve) करवा लिया।

प्रॉपर्टी को कागजों में अपनी पत्नी के नाम करवाने के बाद आरोपी संजीव कुमार ने उस संपत्ति को Tata Capital Financial Services Ltd. के पास गिरवी रख दिया और उस पर 10 करोड़ रुपये का भारी-भरकम लोन करवाकर राशि हड़प ली। जब पीड़िता को इस पूरी जालसाजी और धोखाधड़ी का पता चला, तो उनके होश उड़ गए। पीड़िता द्वारा उच्च अधिकारियों को दी गई शिकायत की गहन जांच-पड़ताल के बाद आरोपों को सही पाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी संजीव कुमार, उसकी पत्नी कविता गुप्ता व इस साजिश में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जाली दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक साजिश रचने की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की अगली तफ्तीश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News