विदेश भेजने का सपना दिखाकर थमाया  Fake Visa व टिकट, पति-पत्नी समेत 3 पर मामला दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 12:47 PM (IST)

फिरोजपुर (परमजीत सोढ़ी): पंजाब में आए दिन विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। इसी बीच फिरोजपुर में धोखाधड़ी और जालसाजी का एक मामला सामने आया है, जहां विदेश भेजने का सपना दिखाकर एक परिवार से लाखों रुपये हड़प लिए गए। कैंट थाना फिरोजपुर की पुलिस ने एक महिला समेत 3 लोगों के खिलाफ पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल्स एक्ट 2014 की धारा 318 (4), 338, 336 (3) BNS 13 के तहत केस दर्ज किया है।

यह कार्रवाई सीनियर पुलिस अधिकारियों की लंबी जांच और तथ्यों की जांच के बाद की गई है। मामले की जानकारी देते हुए असिस्टेंट थानेदार भूपिंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सुरिंदरपाल पुत्र मुंशी राम निवासी डिफेंस कॉलोनी (फेज-03), मोगा रोड फिरोजपुर ने पुलिस से इंसाफ मांग की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी मेहताब सिंह पुत्र गुरप्रीत सिंह ने उसके बेटे रोहित कुमार और बहू पायल अरोड़ा को धोखा देकर विदेश भेजने का सौदा किया था। आरोपियों ने इस काम के लिए उससे 20 लाख रुपये लिए थे। यह रिपोर्ट SSP फिरोजपुर के आदेश पर DSP शहरी द्वारा की गई विस्तृत जांच के बाद तैयार की गई थी। मेहताब सिंह ने खुद जांच के दौरान अपने बयानों में माना कि उसने सुरिंदरपाल से विदेश भेजने के नाम पर 20 लाख रुपये लिए थे, लेकिन वह उन्हें बाहर भेजने में नाकाम रहा।

आरोपियों ने पीड़ित परिवार को भरोसे में लेने के लिए नकली वीजा और नकली टिकट तैयार किए। आरोपियों ने न केवल पैसे ठगे, बल्कि पीड़ितों के असली पासपोर्ट भी नष्ट कर दिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि मेहताब सिंह ने अपनी पत्नी मनजिंदर कौर का पक्ष पेश करने के लिए पुलिस से 3 दिन का समय लिया था, लेकिन वह अपनी पत्नी को पेश करने में नाकाम रहा। जांच अधिकारी भूपिंदर सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी मेहताब सिंह पुत्र गुरप्रीत सिंह निवासी गांव बुट्टर, फिरोजपुर, मनजिंदर कौर पत्नी मेहताब सिंह, संजीव कुमार पुत्र राज कुमार निवासी वार्ड नंबर 8 आनंद नगर, गढ़शंकर, जिला SBS नगर ने मिलकर यह धोखाधड़ी की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News