Fraud: स्पेन भेजने का झांसा देकर ट्रैवल एजैंटों ने चक्करों में डाला युवक, मामला दर्ज

punjabkesari.in Monday, May 06, 2024 - 06:54 PM (IST)

मोगा (आजाद) : मोगा जिले के गांव सरसड़ी धर्मकोट निवासी पीपल सिंह को स्पेन भेजने का झांसा देकर ट्रैवल एजैंटों द्वारा कथित मिलीभगत करके 9 लाख 60 हजार रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले की जांच कमालके पुलिस चौकी के इंचार्ज सहायक थानेदार सुरजीत सिंह द्वारा की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को दिए शिकायत पत्र में पीपल सिंह ने कहा कि वह विदेश जाने का चाहवान था। गत 5 सितम्बर 2023 को अपने ननिहाल गांव वाड़ा काली रौण गया था, जहां उसकी मुलाकात सुबेग सिंह तथा मलकीत सिंह के साथ हुई।

उन्होंने कहा कि उनका रिश्तेदार गुरप्रीतम सिंह तथा दर्शन सिंह विदेश भेजने का काम करते हैं। 10 सितम्बर 2023 को उक्त ट्रैवल एजैंट सारे हमारे घर आए तथा कहा कि वह तुझे स्पेन भेज देंगे, जिस पर 15 लाख रुपए खर्चा आएगा। हमारी 10 लाख रुपए में बात तय हो गई, जिस पर 15 सितम्बर 2023 को गुरप्रीतम सिंह तथा मलकीत सिंह हमारे घर से एक लाख रुपए नकद तथा उसका असली पासपोर्ट ले गए। इस उपरांत  इनके अलग-अलग खातों में पैसे डाल दिए। इसके बाद गुरप्रीतम सिंह ने उसे अमृतसर से रशिया भेज दिया, जहां बार्डर पर आर्मी ने उसे गिरफ्तार कर लिया तथा जेल भेज दिया।

एक महीना रशिया जेल में रहने के बाद इंडिया वापस आ गया, जब वह कथित ट्रैवल एजेंटों से बात की, तो उन्होंने कहा कि गलती के कारण यह मुश्किल आई है। अब तुझे सीधा स्पेन भेजेंगे, जिस पर उसने यकीन कर लिया। इन्होंने  23 नवम्बर 2023 को दिल्ली एयरपोर्ट से बाकू देश की टिकट करवा दी तथा कहा कि वह उसे बाकू से स्पेन भेजेंगे, लेकिन 10 दिन बाद गुरप्रीतम सिंह ने बाकू से अजिप्ट तथा उसके बाद मराको भेज दिया, जहां एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन अधिकारियों ने एंट्री नहीं दी तथा वापस अजिप्ट भेज दिया। जब उसने गुरप्रीतम सिंह के साथ बात की, तो उसने कोई बात नहीं सुनी। इस तरह वह परेशान होकर 20 दिसम्बर 2023 को अपने घर इंडिया आ गया।

इस तरह उसके साथ कथित आरोपियों ने मिलकर धोखाधड़ी की है। उन्होंने न तो उसे स्पेन भेजा तथा न ही उसके पैसे वापस किए। जिला पुलिस अधीक्षक मोगा ने मामले को गंभीरता से लेते इसकी जांच एंटी फ्राड सैल मोगा को करने का आदेश दिया। जांच अधिकारी ने दोनों पक्षों को अपना पक्ष पेश करने के लिए बुलाया। जांच दौरान गुरप्रीतम सिंह शामिल नहीं हुआ। उसके पिता दर्शन सिंह ने अपने बयान में लिखा कि उसका लड़का उसके कहने से बाहर है तथा उसने उसको बेदखल किया हुआ है। जांच दौरान सुबेग सिंह वाड़ा काली रौण तथा दर्शन सिंह निवासी कपूरथला के खिलाफ प्राथमिक तौर पर कोई आरोप सामने नहीं आए।

यदि मामला दर्ज होने के बाद इनके खिलाफ आरोप सामने आता है, तो कानून अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इस तरह जांच उपरांत शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाने पर कथित ट्रैवल एजैंटों गुरप्रीतम सिंह निवासी भुल्लर इन्क्लेव कपूरथला तथा मलकीत सिंह निवासी वाड़ा काली रौण मक्खू के खिलाफ थाना धर्मकोट में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। इस मामले की जांच चल रही है। सहायक थानेदार सुरजीत सिंह ने बताया कि कथित आरोपियों को काबू करने के लिए छापामारी की जा रही है, जिन्हें जल्दी काबू कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Recommended News

Related News