लुधियाना सर्राफा बाजार में हलचल, मशहूर ज्वैलर्स शॉप पर स्टेट GST की दबिश

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 11:27 AM (IST)

लुधियाना (सेठी) : राज्य जी.एस.टी. विभाग ने मंगलवार को महानगर के सर्राफा बाजार स्थित जगदंबे ज्वैलर्स पर दबिश देकर कारोबारी रिकॉर्ड और स्टॉक की जांच शुरू की। विभाग की कार्रवाई के दौरान स्टेट टैक्स ऑफिसर व इंस्पैक्टर स्तर के अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने दुकान में मौजूद आभूषणों के स्टॉक की बारीकी से जांच करते हुए स्टॉक टेकिंग की।

जानकारी के अनुसार, विभागीय अधिकारियों ने मौके पर मौजूद मौजूदा स्टॉक का मिलान कारोबारी रिकॉर्ड से करने की प्रक्रिया शुरू की। इसके साथ ही फर्म की सेल और परचेज से संबंधित बुक्स तथा अन्य दस्तावेजों को भी खंगाला गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू की है।

विभागीय कार्रवाई का मुख्य फोकस फर्म के सेल-परचेज रिकॉर्ड, बुक्स और वास्तविक स्टॉक के बीच मिलान पर बताया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा यह देखा जा रहा है कि रिकॉर्ड में दर्ज खरीद और बिक्री तथा मौके पर उपलब्ध स्टॉक में किसी प्रकार का अंतर तो नहीं है। इसके अलावा रिकॉर्ड में दर्ज कारोबार और टैक्स देनदारी की भी जांच की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, विभाग द्वारा फर्म के उपलब्ध रिकॉर्ड की स्क्रूटनी पूरी करने के बाद यदि किसी प्रकार की टैक्स देनदारी या अनियमितता सामने आती है तो नियमों के अनुसार बनता टैक्स और जुर्माना लगाया जा सकता है। हालांकि, विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फर्म के रिकॉर्ड में कोई टैक्स संबंधी गड़बड़ी पाई गई है या नहीं।

राज्य जी.एस.टी. विभाग की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद सर्राफा बाजार के कारोबारियों में भी हलचल देखने को मिली। फिलहाल विभागीय अधिकारियों की ओर से जांच के संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई का अंतिम परिणाम और संभावित टैक्स देनदारी स्पष्ट होगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News