Gurdaspur : सरपंच के घर में दिनदहाड़े चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 05:36 PM (IST)

गुरदासपुर, (हरजिंदर सिंह गोराया) : पुराना शाला पुलिस स्टेशन के अधीन आते गांव दाऊवाल के सरपंच के घर दिनदहाड़े हुई चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए एक आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएसपी दीनानगर रजिंदर मिन्हास ने बताया कि बीते दिनों सरपंच अपने परिवार सहित अपनी बहन की मौत के कारण रिश्तेदारों के घर गया हुआ था। इस दौरान चोरों ने सूने पड़े घर को निशाना बनाते हुए घर के ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया था।

घटना का पता उस समय चला जब सरपंच परिवार सहित वापस घर पहुंचा और घर के ताले टूटे हुए देखे। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।

पुलिस जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई, जिसे काबू करके पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली है और उसके पास से कुछ चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण गिल निवासी महिताबपुर, थाना मुकेरियां के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News