पुलिस लाइन में धरने पर बैठे गुरसिमरन सिंह मंड: सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 09:23 AM (IST)
लुधियाना (राज): अंतरराष्ट्रीय एंटी-खालिस्तानी फ्रंट के प्रधान और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के नेशनल कोऑर्डिनेटर गुरसिमरन सिंह मंड ने लुधियाना पुलिस लाइन परिसर में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। विरोध जताते हुए मंड लाइन ऑफिसर (LO) के दफ्तर के बाहर ही धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा में भारी चूक कर रहा है और जानबूझकर खालिस्तानी व भिंडरांवाला समर्थक सोच वाले पुलिसकर्मियों को उनकी सुरक्षा में तैनात कर रहा है।
"खालिस्तानी सोच के मुलाजिमों से खतरा"
धरने पर बैठे गुरसिमरन सिंह मंड ने कहा कि वह लगातार खालिस्तानी आतंकवाद और कट्टरपंथियों के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाते रहे हैं, जिसके कारण उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिलती रहती हैं। इसके बावजूद उनके सुरक्षा अमले में ऐसे पुलिस मुलाजिमों को भेजा जा रहा है, जो खालिस्तानी विचारधारा का समर्थन करते हैं। इससे उन्हें हर पल उनसे खतरा सताता रहता है। इतिहास का हवाला देते हुए मंड ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और अन्य बड़े नेताओं की हत्या भी इसी तरह कट्टरपंथी सोच रखने वाले सुरक्षाकर्मियों द्वारा ही की गई थी।
अफसरों पर सुनवाई न करने का आरोप, CP से की सुरक्षा बदलने की मांग
गुरसिमरन सिंह मंड ने आरोप लगाया कि जब भी वह ऐसे पुलिस मुलाजिमों को अपनी सुरक्षा से हटाने के लिए लाइन ऑफिसर, मुंशी या पुलिस कमिश्नर (CP) के रीडर से शिकायत करते हैं, तो कोई उनकी बात नहीं सुनता। उल्टा प्रशासनिक अधिकारी उन्हीं को गलत ठहराने लगते हैं और बात को टाल देते हैं। मंड ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा से खालिस्तानी समर्थक सोच वाले मुलाजिमों को तुरंत हटाया जाए और उनके स्थान पर अन्य निष्पक्ष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि उनकी जान-माल की सुरक्षा यकीनी बनाई जा सके।

