अमृतसर : दोपहर के समय बन जाता है कर्फ्यू जैसा माहौल, गर्मी के कारण सुनसान पड़ी सड़कें और बाजार

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 04:37 PM (IST)

अमृतसर (रमन): अमृतसर में पड़ रही गर्मी ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान लगातार 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के कारण दिन के समय सड़कें सुनसान हो जाती हैं और कर्फ्यू जैसा माहौल बन जाता है। दोपहर के समय लू तेज़ चलने के कारण लोग घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। बाजारों में रौनक कम हो गई है और आवाजाही भी काफी घट गई है। लोग सिर्फ जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। 

गर्मी के इस कहर के चलते बिजली की मांग भी बढ़ गई है, जिसके कारण कई इलाकों में पावर कट लग रहे हैं और लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है। डॉक्टरों द्वारा विशेष रूप से बच्चों और बुज़ुर्गों को धूप से बचने की सलाह दी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 26–28 अप्रैल के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है।

दोपहर के समय सड़कों पर सुनसान माहौल 

लगातार तापमान बढ़ने से जहां लोगों का जन-जीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं दोपहर के समय सड़कों पर सुनसान माहौल बना हुआ है। बाजारो में ग्राहकों की आमद कम होने से छोटे व्यापारियी भी मंदी का शिकार हो रहे हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में लोग छांव और ठंडे पानी का सहारा ले रहे हैं। कुछ इलाकों में तो लोगों को 3 से 9 घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। सेहत विभाग द्वारा हीट स्ट्रोक (लू लगने) से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

हीटवेव को लेकर अलर्ट 

मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों में लू (हीटवेव) को लेकर अगले चार दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। तेज गर्म हवाओं के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लू से बचने के लिए लोग अपने चेहरे और शरीर को कपड़ों से ढक रहे हैं। ट्रैफिक प्रशासन ने भी निर्देश जारी किए हैं कि वाहन चालक हेलमेट का उपयोग जरूर करें, लेकिन ऐसा कोई कपड़ा न बांधें जिससे उनकी पहचान छिपे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News