भीषण गर्मी से थमा शहर, Jalandhar में 42 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, सड़कों पर सन्नाटा

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 03:12 PM (IST)

पंजाब डेस्कः  पंजाब में गर्मी का कहर लगातार बढ़ रहा है। जिला जालंधर समेत राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। जालंधर में रविवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि महसूस किया जाने वाला तापमान 42 डिग्री के करीब रहा। मौसम विभाग ने 8 से 10 जून तक लगातार 3 दिनों के लिए हीट वेव (लू) का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को अधिक गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।

बाजारों और सड़कों पर दिखा गर्मी का असर
दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही कम देखने को मिली। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर चलते नजर आए। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। जिला बठिंडा में 44.8°C, जालंधर  41.2°C, अमृतसर 40.9°C, होशियारपुर 39.2°C तापमान रहा।  जालंधर में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात के समय भी गर्मी का असर बना रहा।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को लू से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और सिर ढककर रखने की हिदायत दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान शरीर में पानी की कमी, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News