जेल में हैरोइन की तस्करी करते थे गैंगस्टर के भाई,गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Jul 18, 2018 - 03:06 PM (IST)

अमृतसर(संजीव,बौबी) : सी.आई.ए. स्टाफ ने ऑप्रेशन के दौरान जेल से चल रहे हैरोइन तस्करी के नैटवर्क का पर्दाफाश कर कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के साथी राजा कन्नवड्डा के 2 सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। इनमें वीर सिंह वीरु व गुलशन सिंह निवासी न्यू आजाद नगर शामिल हैं।  पुलिस ने उक्त दोनों आरोपियों के कब्जे से 275 ग्राम हैरोइन बरामद की है जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सवा करोड़ रुपए आंकी जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर उन्हें अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। यह खुलासा सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज इंस्पैक्टर वविन्द्र महाजन ने किया। 


कैसे चला रहा था कन्नवड्डा जेल से अपना नैटवर्क
कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का साथी राजा कन्नवड्डा जेल में बंद है, जो मोबाइल के जरिए जेल से ही अपने हैरोइन तस्करी के नैटवर्क को चला रहा था। कन्नवड्डा जेल से अपने भाइयों को हैरोइन की सप्लाई करवाता और उसके बाद उसके दोनों भाई वीर सिंह व गुलशन सिंह एक्टिवा पर हैरोइन की पुडिय़ां सप्लाई करने के लिए निकलते। दिन भर अपने ग्राहकों को 2700 रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से हैरोइन सप्लाई कर भारी रकम इक'ट्ठा करते। इंस्पैक्टर वविन्द्र ने बताया कि दोनों भाई 1 किलो के करीब हैरोइन की सप्लई कर जाते थे। राजा कन्नवड्डा के इशारे पर चल रहा तस्करी का यह नैटवर्क पूरी तरह उसकी कमांड में था और वह जेल से इंटरनैशनल नंबरों पर अपने भाइयों के साथ सम्पर्क में रहता था। उक्त आरोपी सुल्तानपुर रोड, प्रताप नगर व सुल्तानविंड गांव के आसपास के क्षेत्रों में हैरोइन की सप्लाई कर रहे थे। 

कन्नवड्डा को लाया जाएगा प्रोडक्शन वारंट पर
सी.आई.ए. स्टाफ बहुत जल्द जेल में बैठे कुख्यात गैंगस्टर राजा कन्नवड्डा को अदालत के निर्देशों पर प्रोडक्शन वारंट पर लाने जा रही है जिसकी जांच के दौरान उन तस्करों के भी खुलासे होंगे जहां से कन्नवड्डा के इशारे पर हैरोइन उसके भाइयों तक पहुंच रही थी। इसमें कई बड़ी मछलियों के नाम भी सामने आने की संभावना है। लाखों के इस अवैध कारोबार से जुड़े राजा कन्नवड्डा व उसके दोनों भाइयों से ड्रग मनी का भी हिसाब लिया जाएगा।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News