नवरात्रि के मद्देनजर अमृतसर में हाई अलर्ट, शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 05:47 PM (IST)
अमृतसर (रमन/विक्रम) : पावन नवरात्रि को देखते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देशों पर धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस टीमों और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के जवानों ने शहर के सिविल लाइंस, कटड़ा जैमल सिंह, गुरु बाजार, रंजीत एवेन्यू और ग्वाल मंडी जैसे इलाकों में गश्त कर वाहनों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके विवरण दर्ज किए गए।

इसके अलावा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जहां बिना कारण घूम रहे लोगों से सख्ती से पूछताछ की गई। धार्मिक स्थलों जैसे श्री दुर्ग्याना मंदिर और माता लाल देवी मंदिर माडल टाउन में भी विशेष जांच की गई।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गैर-कानूनी गतिविधि नजर आए तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए वह 24 घंटे मुस्तैद है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

