लुधियाना में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का कहर, एक साथ 2 कारों को मारी जोरदार टक्कर, उड़े परखच्चे

punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 04:46 PM (IST)

लुधियाना (गणेश/सचिन):  लुधियाना के प्रीत प्लेस के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया जब एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने आगे खड़ी 2 कारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बलेनो और एक डस्टर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर वाहनों के टूटे हुए पार्ट्स दूर-दूर तक बिखर गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और भारी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। जानकारी के अनुसार डस्टर कार चालक पेट्रोल पंप पर अपनी गाड़ी का प्रदूषण सर्टिफिकेट बनवाने के लिए आया हुआ था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही फॉर्च्यूनर कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही डस्टर कार आगे जा टकराई जबकि पास खड़ी बलेनो कार भी हादसे की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फॉर्च्यूनर की रफ्तार काफी ज्यादा थी और चालक समय रहते वाहन पर नियंत्रण नहीं कर पाया। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गाड़ियों में बैठे लोगों को बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन हादसा इतना भयानक था कि लोग काफी देर तक दहशत में रहे।

हादसे के बाद इलाके में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को मिनटों का सफर तय करने में घंटों लग गए। सबसे बड़ी बात यह रही कि खबर लिखे जाने तक क्षतिग्रस्त गाड़ियां सड़क किनारे से हटाई नहीं जा सकी थीं, जिसके कारण ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। कई वाहन चालक जाम में फंसे नजर आए और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और हालात को संभालने में जुट गई।

पुलिस द्वारा ट्रैफिक को सुचारू करवाने की कोशिश की जा रही है, वहीं मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने बढ़ती ओवरस्पीडिंग पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर में तेज रफ्तार वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। लोगों का कहना है कि कुछ चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाकर अपनी ही नहीं बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में डाल देते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News