Jalandhar में हिमाचल पुलिस की दबिश, होटल कारोबारी पर कसा शिकंजा
punjabkesari.in Thursday, Oct 30, 2025 - 06:04 PM (IST)
जालंधर: शहर में आज सुबह अचानक हड़कंप मच गया, जब हिमाचल प्रदेश के चंबा थाना की पुलिस ने यहां रहने वाले चीनू नामक व्यक्ति के घर पर रेड की। जानकारी के अनुसार, चीनू मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के चंबा का रहने वाला है और वहां एक होटल के साथ-साथ एक न्यूज पोर्टल भी चलाता है।
सूत्रों के अनुसार, चीनू के न्यूज पोर्टल पर पिछले कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश प्रशासन और कई अधिकारियों से संबंधित भ्रामक और फर्जी खबरें प्रकाशित की जा रही थीं। इन खबरों को लेकर स्थानीय प्रशासन ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद चंबा थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि इन फर्जी खबरों के पीछे चीनू का हाथ है। इसी आधार पर आज तड़के हिमाचल पुलिस की एक टीम ने जालंधर पहुंचकर चहार बाग स्थित उसके निवास स्थान पर दबिश दी।
थाना तीन के प्रभारी राजिंदर सिंह ने रेड की पुष्टि करते हुए बताया कि हिमाचल पुलिस सुबह से ही चीनू के घर मौजूद है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल चीनू की गिरफ्तारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, चीनू के न्यूज पोर्टल ने हाल ही में चंबा जिले के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ सनसनीखेज दावे किए थे, जिनकी सच्चाई पर सवाल उठाए जा रहे थे। इन खबरों से स्थानीय प्रशासन की छवि धूमिल हुई थी, जिसके बाद कार्रवाई तेज हुई। फिलहाल हिमाचल प्रदेश पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं जो फर्जी समाचार फैलाने के काम में सक्रिय हैं।

