6 महीने बाद ही शादी का दर्दनाक अंत, पत्नी के तानों और थप्पड़ से आहत युवक ने उठाया खौफनाक कदम
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 11:26 AM (IST)
लुधियाना (राज): घरेलू कलह और पत्नी की प्रताड़ना के चलते एक और हंसते-खेलते घर की खुशियां मातम में बदल गईं। थाना बस्ती जोधेवाल के अंतर्गत आते इलाके में शादी के महज 6 महीने बाद ही एक 37 वर्षीय युवक ने मानसिक रूप से परेशान होकर मौत को गले लगा लिया। मृतक की पहचान मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसने अपने ही कमरे में छत वाले पंखे से परने का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में मृतक के पिता रविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि उनके बेटे मनप्रीत सिंह की शादी करीब 6 महीने पहले प्रभजोत कौर नाम की युवती से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही आरोपी पत्नी का असली रूप सामने आ गया। वह अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर मनप्रीत के साथ झगड़ा करने लगती थी और उसे गंदी-गंदी गालियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। हद तो तब हो गई जब 19 मई को भी पत्नी ने घर में भारी हंगामा किया। पिता का आरोप है कि प्रभजोत कौर ने उनके बेटे मनप्रीत को न सिर्फ बुरी तरह जलील किया, बल्कि उसे थप्पड़ भी जड़ दिए।
पत्नी द्वारा सरेआम किए गए इस अपमान और थप्पड़ की मार को मनप्रीत बर्दाश्त नहीं कर सका। वह अंदर से इस कदर टूट गया कि उसने गहरे मानसिक तनाव में आकर अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपने गले में परना डाला और छत वाले पंखे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मुद्दई के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पत्नी प्रभजोत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

