कैलाश नगर में पति का खूनी ड्रामा: घरेलू कलह से तंग आकर युवक ने ब्लेड से रेता गला, हालत नाजुक
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 09:30 AM (IST)
लुधियाना(राज): कैलाश नगर इलाके में मंगलवार की देर शाम एक युवक ने घरेलू विवाद से परेशान होकर धारदार ब्लेड से अपना ही गला रेत डाला। लहूलुहान हालत में युवक को उसकी पत्नी द्वारा तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के रहने वाले सुधीर के रूप में हुई है।फिलहाल थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
इस घटना के पीछे पति-पत्नी का पुराना घरेलू क्लेश बताया जा रहा है, लेकिन दोनों पक्षों के दावों ने मामले को उलझा दिया है। अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी की जंग लड़ रहे सुधीर का आरोप है कि दो दिन पहले उसकी साली ने उसके साथ मारपीट की थी और पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज करवाई थी। मंगलवार को वह करीब चार घंटे थाने में बैठा रहा, जहां उसने माफी मांगी और घर लौट आया। सुधीर के अनुसार, इसी मानसिक तनाव के चलते उसने घर आकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की।
दूसरी ओर, अस्पताल में मौजूद सुधीर की पत्नी अंजलि का कहना है कि सुधीर अक्सर शराब के नशे में धुत होकर उसके साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर उसने अपनी बहन के साथ पुलिस की शरण ली थी। अंजलि के मुताबिक, मंगलवार को थाने से लौटने के बाद सुधीर ने फिर से भारी मात्रा में शराब पी और घर में हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच उसने अपनी जेब से ब्लेड निकाला और खुद का गला रेत लिया।

