सरेबाजार IELTS छात्र को बेरहमी से पीटा, सामने आई रोंगटे खड़े कर देने वाली CCTV

punjabkesari.in Friday, Aug 19, 2022 - 11:22 AM (IST)

खन्ना: शहर का एजुकेशन हब मानी जाती जी.टी.बी. मार्कीट में आए दिन गुंडागर्दी का नंगा नाच होता है। इसी के तहत बीते कल भी कुछ बदमाशों ने वहां पर एक छात्र को बुरी तरह से पीटा। छात्र पर हमले की सी.सी.टी.वी. फुटेज भी सामने आई है। पुलिस ने मनजोत सिंह पुत्र गुरमीत सिंह निवासी दीवा खोसा की शिकायत पर कार्रवाई कर आरोपियों एकमदीप सिंह पुत्र जगपाल सिंह निवासी देहड़ू, नन्नू बाह्मण पुत्र अनिल कुमार निवासी खन्ना तथा 15-16 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्त्ता के अनुसार वह जी.टी.बी. मार्कीट में आईलैट्स करता है। 17 अगस्त को छुट्टी के बाद वह और उसका दोस्त तेह सिंह माइंड मेकर की पार्किंग में से कार निकाल रहे थे तो उनकी कार के आगे एकमदीप सिंह तथा नन्नू बाह्मण खड़े थे जिन्होंने उन्हें घेर लिया। एकमदीप ने लोहे के कड़े से उसके सिर में हमला किया। इनके साथ 15-16 अज्ञात व्यक्ति थे जिन्होंने मिलकर उससे मारपीट की। मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. सुखदेव सिंह ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस से भी हाथापाई, हमलावरों को नहीं था कोई खौफ
जी.टी.बी. मार्कीट में गुंडागर्दी इस कदर तक बढ़ गई है कि देश का भविष्य माने जाते नौजवानों को पुलिस का कोई खौफ तक दिखाई नहीं देता। यह नौजवान पीढ़ी गलत रास्ते पर चलकर जहां समाज में अमन शांति भंग कर रही है, वहीं अपना भविष्य भी बर्बाद कर रही है। एक छात्र पर हमले की सी.सी.टी.वी. फुटेज रोंगटे खड़ी करने वाली हैं। पुलिस सी.सी.टी.वी. फुटेज के आधार पर जहां हमलावरों की पहचान कर रही है, वहीं धाराओं में भी इजाफा किया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News