Jalandhar: लतीफपुरा में गर्माया माहौल! टंकी पर चढ़ी महिलाएं, सरकार के खिलाफ हल्ला-बोल

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 02:49 PM (IST)

जालंधर: शहर के लतीफपुरा में इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट ने दिसंबर 2022 में गैर-कानूनी मकानों को गिराया था। वहीं आज डिप्टी कमिश्नर के आदेश पर कब्जे हटाने के लिए सुबह से ही लतीफपुरा क्षेत्र की नाकाबंदी करके कब्जा खाली करवाया गया। लतीफपुरा के निवासियों ने पंजाब मंडी बोर्ड की एक पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताया। इसी दौरान एक महिला टंकी पर चढ़ते समय बेहोश हो गई। लोगों द्वारा पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध करने के कारण मामला एक बार फिर गरमा गया। टंकी पर चढ़कर लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जोरदार प्रदर्शन किया।

PunjabKesari

दरअसल लतीफपुरा मामले में जिला प्रशासन ने कब्जे हटाने के लिए अदालत से 9 फरवरी तक का समय मांगा था और 10 फरवरी को अदालत में अपना जवाब दाखिल करने का समय था। उससे पहले प्रशासन ने आज कार्रवाई की, जिसमें निवासियों को लतीफपुरा से अपना सामान हटाने को कहा गया। सुबह की कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक पुलिस कर्मी लतीफपुरा पहुंचे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कब्जा खाली करवाने के दौरान कोई समस्या न आए। पुलिस और नगर निगम की टीमों ने मौके पर पहुंचकर चारों तरफ सड़कों पर बैरिकेड लगवा दिए। इस दौरान किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

PunjabKesari

वहीं कार्रवाई के दौरान किसान नेता गुरदीप सिंह ने कहा कि आज सुबह प्रशासन ने 20 जे.सी.बी. मशीनों और टिप्पर की मदद से हाईकोर्ट के आदेशों पर कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाया है। वहीं दूसरी ओर इस कार्रवाई को लेकर मॉडल टाउन मार्केट के दुकानदारों ने प्रशासन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों से यह मुद्दा उनके कारोबारों को काफी प्रभावित कर रहा था। हालांकि, आज सुबह प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई सराहनीय थी। दुकानदारों ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से की गई और कार्रवाई के दौरान किसी ने भी विरोध नहीं किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News