जालंधर में पुलिस थाने के बाहर जबरदस्त हंगामा, गरमाया माहौल
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 01:43 PM (IST)
पंजाब डेस्क : जालंधर में पुलिस द्वारा नाबालिग को हिरासत में लेने का मामला सामने आया है। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों ने थाने के बाहर विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि उनके 17 वर्षीय बेटे को कई घंटों तक थाने में बैठाकर रखा गया। उनका कहना है कि इस दौरान उन्हें उससे मिलने नहीं दिया गया और बिना कारण स्पष्ट किए घंटों तक थाने में रखा गया।
परिवार का कहना है कि पुलिस दोपहर के समय लड़के को घर से अपने साथ ले गई थी। जब परिजन उसे ढूंढते हुए अलग-अलग थानों में पहुंचे, तो बाद में जानकारी मिली कि उसे थाना नंबर 6 लाया गया है। आरोप है कि वहां पहुंचने पर पुलिस ने गेट बंद कर उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब छात्र की मां ने रोते हुए कहा कि अगर उसके साथ कुछ गलत हुआ तो वह थाने के बाहर ही खुदकुशी कर लेगी। परिवार ने पुलिस पर दुर्व्यवहार और झूठे मामले में फंसाने के आरोप भी लगाए हैं। वहीं छात्र के पिता ने भी पुलिस के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे कई घंटों तक अपने बेटे की तलाश में भटकते रहे। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ सख्ती से बात की और उन्हें वहां से जाने के लिए कहा। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत मिली थी कि नाबालिग लड़की से मोबाइल स्नेचिंग हुई है। इसे लेकर शक के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। उनका कहना है कि मामले की जांच जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

