अवैध नशा छुड़ाओ केन्द्र मामला, इन लोगों का मिल रहा था संरक्षण
punjabkesari.in Sunday, Apr 23, 2023 - 12:46 PM (IST)

जालंधर: गत दिन शाम को थाना मकसूदां तथा सी.आई.ए. देहाती की संयुक्त टीम ने गांव गाजीपुर में अवैध ढंग से चल रहे नशा छुड़ाओ केन्द्र छापेमारी की थी जिसके बाद मौके से 57 बंधक नौजवानों को छुड़वाया गया था तथा केंद्र से 86 नशीली गोलियां तथा 2 नशीले टीके बरामद हुए थे। इस पर केन्द्र संचालक परविन्द्र सिंह बसरा उर्फ अमन निवासी फगवाड़ा तथा विशाल शर्मा निवासी तलवंडी चौधरियां के खिलाफ थाना मकसूदां में एन.डी.पी.सी. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी परविन्द्र सिंह निवासी फगवाड़ा तथा विशाल शर्मा निवासी तलवंडी चौधरियां के ठिकानों पर आज पुलिस ने छापेमारी की लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए। थाना मकसूदां के एस.एच.ओ. सुखपाल सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों को ढूंढ रही है तथा जल्द ही उन्हें काबू कर लेगी। सूत्र बताते हैं कि उक्त अवैध नशा छुड़ाओ केन्द्र पिछले करीब 7 साल से पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की मेहरबानी से पूरन निवास नाम से परविन्द्र सिंह तथा विशाल शर्मा चला रहे थे, जो पुलिस रेड से पहले ही फरार हो गए।
वहीं इलाका निवासियों का कहना है कि रेड से पहले ही परविन्द्र सिंह तथा विशाल शर्मा को रेड की सूचना पुलिस के पहुंचने से पहले मिल गई थी। लोगों में यह चर्चा हो रही है कि 7 साल में किसी भी विभाग द्वारा इस अवैध केंद्र पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? यह बात सिस्टम पर सवालिया निशान खड़ा करती है। उन्होंने कहा कि अवैध नशा छुड़ाओ केन्द्र चलाने वालों के पास राजनीतिक अप्रोच थी जिस कारण वह अपना अवैध धंधा चलाते रहे।
गलत कार्य करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे : एस.एस.पी. मुखविन्द्र सिंह
देहात के एस.एस.पी. मुखविन्द्र सिंह भुल्लर ने कहा कि उन्होंने सभी एस.एच.ओज को निर्देश दिया है कि वे ऐसे गलत कार्य करने वालों पर नजर रखें तथा अगर कोई कानून के खिलाफ जाकर गलत कार्य करता है तो उनके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार करें। उन्होंने कहा कि वे किसी भी गलत कार्य को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here