लुधियाना सेंट्रल जेल में इंटरनेट सेवा बाधित, डिजिटल कार्यों पर पड़ा असर
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 04:29 PM (IST)
लुधियाना (गणेश सचिन) : लुधियाना सेंट्रल जेल में पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट सेवा बाधित रहने के कारण विभिन्न प्रशासनिक एवं डिजिटल कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ब्रॉडबैंड लाइन में आई तकनीकी खराबी के चलते जेल परिसर में इंटरनेट कनेक्टिविटी सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रही है।
जानकारी के मुताबिक, संबंधित कर्मचारियों द्वारा गुरुवार देर शाम क्षतिग्रस्त लाइन को जोड़कर इंटरनेट सेवा बहाल करने का प्रयास किया गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह उक्त लाइन दोबारा क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते इंटरनेट सेवा फिर से बंद हो गई। इंटरनेट सेवा प्रभावित होने के कारण कैदियों से संबंधित ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट करने, आईडी जनरेशन तथा अन्य डिजिटल प्रक्रियाओं के संचालन में बाधाएं आ रही हैं। इसके चलते जेल कर्मचारियों को भी दैनिक प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में अतिरिक्त चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए संबंधित एजेंसी को सूचित कर दिया गया है और सेवा को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल आवश्यक कार्यों को उपलब्ध वैकल्पिक व्यवस्थाओं के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। जेल प्रबंधन की कई प्रक्रियाएं अब डिजिटल प्रणाली पर आधारित हैं। ऐसे में इंटरनेट सेवा बाधित होने से नियमित कार्यों की गति प्रभावित होना स्वाभाविक माना जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

